दिल्ली: लाल किला परिसर से करोड़ों का कीमती कलश चोरी

दिल्ली के लाल किला परिसर से एक बड़ा चोरी का मामला सामने आया है। लाल किले के पार्क में आयोजित जैन धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंगलवार, 2 सितंबर को एक बेशकीमती कलश गायब हो गया। इसी दिन कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी उपस्थित थे। उनके स्वागत के दौरान कलश मंच से अचानक लापता हो गया।
पुलिस के अनुसार कारोबारी सुधीर जैन पूजा के लिए रोजाना कलश लेकर आते थे और उस दिन भी वह इसे लेकर आए थे। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई है।
यह अनुष्ठान 15 अगस्त से लाल किला पार्क में चल रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा। चोरी गए कलश की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कलश 760 ग्राम सोने का बना था और इसमें 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ना जड़े हुए थे। इस घटना ने सुरक्षा में बड़ी चूक की चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी लाल किले की सुरक्षा में चूक सामने आ चुकी है। 2 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान स्पेशल सेल की टीम ने मॉक ड्रिल में नकली बम के साथ परिसर में प्रवेश किया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने इसे पहचान नहीं पाया था। उस लापरवाही के कारण कई पुलिसकर्मी सस्पेंड भी किए गए थे।
अब पुलिस चोरी की इस घटना की जांच में जुटी है और आरोपी को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.