दुबई सड़क हादसा में 7 भारतीय श्रमिकों की मौत, दूतावास बोला- हर संभव करेंगे मदद

संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी दुबई में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई भारतीय श्रमिकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक मिनीबस तेज रफ्तार में सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अचानक एमिरेट्स रोड पर रुक गया था। इस हादसे में कुल सात लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हुए हैं।
दुबई पुलिस के यातायात विभाग के महानिदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि ट्रक के अचानक बंद हो जाने के बाद वह सड़क पर खड़ा रह गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिनीबस ने पर्याप्त दूरी न रखते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस हादसे पर दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है, जिसमें कई भारतीय श्रमिकों की जान चली गई। दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। साथ ही अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
दुबई पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यातायात दुर्घटना जांच विशेषज्ञों को मौके पर भेजा गया है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद ट्रैफिक को नियंत्रित कर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिससे सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य हो सका।
इसी बीच दुबई पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन खराब होने या किसी तकनीकी कारण से सड़क के बीच में रुकना बेहद खतरनाक हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में तय नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना और ट्रैफिक पेनल्टी भी लगाई जाती है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने वाहनों की पूरी जांच करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.