सिडकुल में नकली शैंपू फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस और ड्रग्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध शैंपू फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। यहां हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के लोकप्रिय ब्रांड्स क्लिनिक प्लस और सनसिल्क के नाम पर नकली शैंपू तैयार किया जा रहा था। छापेमारी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। फैक्ट्री से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का नकली माल और मशीनें जब्त की गईं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि गुप्त सूचना पर एसओ नितेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने डेंसो चौक, गंगोत्री एनक्लेव फेस-3 स्थित एक मकान में छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही एक आरोपी छत के रास्ते भाग निकला, जबकि हसीन अहमद, शहबान और मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी लंढौरा और मंगलौर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान एक कमरे से नकली शैंपू से भरे ड्रम, पैकिंग मशीन, लेबल, कच्चा माल और खाली बोतलें बरामद हुईं। सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह और कंपनी के लीगल मैनेजर मौके पर पहुंचे। जांच में पुष्टि हुई कि जब्त किया गया सारा सामान अवैध और नकली है।
पकड़े गए मुख्य आरोपी हसीन अहमद ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बिना किसी लाइसेंस के इस कारोबार को चला रहा था। उसके पास न तो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अनुमति थी और न ही कच्चे माल व लेबलिंग के दस्तावेज।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि छापेमारी में चार ड्रम कच्चा माल (करीब 1,350 लीटर), एक फिलिंग मशीन, 800 खाली बोतलें, 32 पेटी तैयार शैंपू और बड़ी मात्रा में नकली लेबल बरामद किए गए। एसआई इंद्र सिंह गड़ियों की ओर से आरोपियों पर धारा 316, 318, 61(2) और 63/65 कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.