हरिद्वार: विशेष कांवड़ यात्रा के दौरान युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़ यात्री को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।
हाईवे किनारे विश्राम के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने करीब दस साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा कर रहा था। देर रात यात्रा दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे आराम के लिए रुका था।
इसी दौरान ऊपर पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि शोर-शराबे को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया। बाद में पुल पर मौजूद युवक नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए, जहां झगड़ा और बढ़ गया।
फायरिंग में कांवड़ यात्री घायल
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अजय पर गोली चला दी, जो उसके कंधे में लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में ऋषिकेश एम्स भेज दिया गया।
विशेष कांवड़ लेकर लौट रहा था जत्था
जानकारी के अनुसार, अजय और उसका दल करीब 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा लौट रहा था। यह जत्था लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर था और इसमें करीब दस सदस्य शामिल थे।
बताया गया कि यह यात्रा गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर निकाली गई थी।
मोटरसाइकिल बरामद, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद हमलावर जल्दबाजी में मौके पर अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया है। अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.