बरेली में आंधी-तूफान से तबाही, 200 पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था ध्वस्त

बरेली में बुधवार रात करीब 10 बजे आई तेज आंधी और बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भारी नुकसान पहुंचाया। करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। इस तूफानी मौसम के कारण शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और कई घंटों तक आपूर्ति बाधित रही।
तेज हवाओं के चलते 200 से अधिक पेड़ उखड़ गए, जबकि करीब 125 बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। कई इलाकों में बुनियादी ढांचे को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। शाहजहांपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप की छत उड़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पीलीभीत बाइपास रोड पर पासपोर्ट कार्यालय के सामने लगा बड़ा विज्ञापन बोर्ड झुक गया, वहीं एक बरातघर का मुख्य गेट तेज हवा में टूट गया। श्यामगंज क्षेत्र में एक मकान की छत गिरने की भी सूचना है। मलूकपुर इलाके में छत पर लगे सोलर पैनल हवा में उड़ गए, जबकि ट्यूलिप टावर के बाहर बिजली का खंभा गिर गया।
शहर के कई प्रमुख मार्गों जैसे सैटेलाइट, लाल फाटक और अवैद्यनाथ द्वार पर पेड़ गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुरेश शर्मा नगर और रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर भी पेड़ गिरने से आवाजाही ठप हो गई। इस दौरान एक ऑटो चालक के घायल होने की सूचना भी मिली है।
एडीजी कार्यालय के बाहर भी पेड़ गिर गया, जबकि सीबीगंज थाने में पेड़ गिरने से एक पुलिसकर्मी की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पीलीभीत बाइपास, बदायूं रोड और नैनीताल हाईवे समेत कई स्थानों पर यूनिपोल और होर्डिंग्स भी गिर गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.