पूर्णिया में 456 सीएससी केंद्रों की आईडी रद्द, नियमों का उल्लंघन कारण

पूर्णिया जिले में नियमों के उल्लंघन को देखते हुए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। CSC दिल्ली मुख्यालय के निर्देश पर जिले के 456 केंद्रों की आईडी तुरंत प्रभाव से रद्द कर दी गई है। राज्य स्तर पर अब तक करीब 7,000 CSC आईडी निरस्त की जा चुकी हैं।
राज्य में कुल 1,16,000 CSC केंद्र पंजीकृत हैं, जिनमें पूर्णिया जिले में लगभग 2,163 संचालित हो रहे हैं। CSC पूर्णिया के जिला प्रबंधक कृष्ण कुमार शर्मा और अशोक गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान कई केंद्रों को बिना स्थायी पते, आवश्यक ब्रांडिंग और अन्य जरूरी मानकों के संचालित पाया गया। ऐसे केंद्रों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में केवल वही CSC केंद्र सक्रिय रह सकेंगे, जो सभी निर्धारित मानकों को पूरा करेंगे। जिला प्रबंधन के अनुसार, आवश्यक मानकों में स्थायी केंद्र, मान्यता प्राप्त CSC ब्रांडिंग, चरित्र प्रमाण पत्र और रेट चार्ट का प्रदर्शन शामिल है। इसके अलावा डिजिटल सेवाओं में सालाना केवाईसी और हर छह माह में आचरण प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा।
केंद्र वहीँ संचालित होना चाहिए, जहां आवेदन किया गया हो। इसके अलावा CSC का संचालन केवल RBI की गाइडलाइन के अनुसार ही संभव है। प्रशासन ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य CSC केंद्रों की आईडी भी ब्लॉक की जा रही हैं। नए आवेदन के तहत बनी CSC आईडी भी फिलहाल बंद कर दी गई हैं और जांच के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, जिन CSC आईडी को रद्द किया गया है, उनमें से अधिकांश 2023 से 2025 के बीच स्थापित किए गए थे। अब 2014 से संचालित केंद्रों की भी जांच की जा रही है, जो निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर पा रहे।
सरकार का उद्देश्य CSC केंद्रों के माध्यम से आम जनता को बिचौलियों से मुक्त कर, सीधे और पारदर्शी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को लाभ सुनिश्चित किया जा सके और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.