चंडीगढ़ में न्याय संघर्ष मोर्चा की महापंचायत, डीजीपी शत्रुजीत कपूर को हटाने की मांग

चंडीगढ़। हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के मामले को लेकर न्याय संघर्ष मोर्चा ने रविवार को 31 सदस्यीय कमेटी का गठन किया और सेक्टर-20 स्थित गुरु रविदास भवन में महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में सरकार से 48 घंटे के भीतर हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी के साथ-साथ हाईकोर्ट के जज से मामले की जांच कराने की मांग की गई। अगर सरकार ने समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान सफाई व्यवस्था प्रभावित करने सहित अन्य कड़े कदम उठाने की योजना भी बनाई गई।
महापंचायत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संदेश देते हुए आयोजकों ने कहा कि सड़क पर हुई नारेबाजी व्यक्तिगत रूप से की जा रही थी और इसे समूह का प्रदर्शन नहीं माना जाए। हालांकि, कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी के वाल्मीकि समुदाय पर दिए गए विवादित बयान के बाद माहौल थोड़ी देर तनावपूर्ण भी रहा। आयोजकों ने सभी से शांत रहने और मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
31 सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष रिटायर्ड प्रो. जय नारायण ने बताया कि शाम को पंजाब के गवर्नर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। 48 घंटे के भीतर कार्रवाई न होने पर आंदोलन के अगले चरण का ऐलान किया जाएगा, जिसमें चंडीगढ़ में सफाई व्यवस्था को पूरी तरह रोकने जैसे कदम शामिल होंगे।
संघर्ष समिति के सदस्य गुरमिल ने स्पष्ट किया कि अभी तक परिवार और सरकार के बीच कोई सहमति नहीं बनी है। परिवार और दलित संगठनों की प्राथमिक मांग डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के एसपी की गिरफ्तारी है।
महापंचायत में शामिल प्रमुख सदस्य हैं: चौधरी लहरी सिंह, राजेश कालिया, ओपी चोपड़ा, अमित खेरवाल, बृज पाल, रवि गौतम, मुकेश कुमार, ओपी इंदल, प्रो. जय नारायण, गुरमिल सिंल, त्रिलोक चंद, रेशम सिंह, जय भगवान राठी, प्रवीन टांक, सुरेश बेनीवाल, रवि कुंडली, सुरेंसिंहद्र खुडडा, समदेश वैद, गौतम भोरिया, दिनेश वाल्मीकि, एडवोकेट कृती, सुनील बागड़ी, राज कपूर अहलावत, कृष्ण कुमार, करमवीर वौध और डॉ. रीतू।
इससे पहले सेक्टर-11 में आयोजित एक बैठक में आईएएस अमनीत पी कुमार, गृह विभाग की सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अफसर मौजूद थे। बैठक में तीन घंटे तक मामलों पर चर्चा हुई, इसके बाद अमनीत पी कुमार अपने भाई के साथ सेक्टर-24 सरकारी आवास लौट आईं।
संघर्ष समिति ने वाई पूरण कुमार की बेटी को नौकरी देने की अफवाहों को बेबुनियाद बताया और कहा कि यह केवल भ्रम फैलाने की कोशिश है।
साथ ही, जेजेपा अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सेक्टर-24 में आईएएस अमनीत पी कुमार से मुलाकात कर दिवंगत आईपीएस को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.