चंडीगढ़ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

चंडीगढ़। सेक्टर-9 में बुधवार को एक बड़े प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुल्लांपुर निवासी चमनप्रीत सिंह उर्फ़ चीनी कुबाहेरी (31) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चमनप्रीत सिंह दोपहर लगभग 12.15 बजे सेक्टर-9 स्थित बॉडी जोन जिम में वर्कआउट करने के बाद अपनी काले रंग की टोयोटा फार्च्यूनर से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी जिम के पास रेड लाइट पर रुकी, एक हमलावर लाल टी-शर्ट और हेलमेट पहनकर पैदल उनके पास आया और करीब से उन पर गोली चला दी।
हमलावर ने कुल 13 राउंड फायर किए। चमनप्रीत ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन वे बच नहीं पाए। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में पीजीआई अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हमलावर ड्राइवर की सीट और आगे की सीट पर लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर अपने साथी के साथ फरार हो गए। दोनों मोहाली के लांडरां की तरफ भागे, जिसके बाद पंजाब पुलिस को अलर्ट कर दिया गया और सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी की गई। चंडीगढ़ और मोहाली में आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं।
हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लक्की पटियाल ने ली है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि चमनप्रीत उनके गैंग के खिलाफ मुखबिरी करता था और विरोधी गैंग को जानकारी देता था। इसके अलावा, वह एक हत्या मामले में भी शामिल था।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दिन पहले चमनप्रीत से बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर प्रिंस चौहान ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। चमनप्रीत ने पहले भी धमकियों के लिए मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी और हथियार लाइसेंस के लिए आवेदन भी किया था।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-3, 11 और 17 के थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल (डीसीसी) की टीमें मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और 13 खोखले कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
जांच में यह भी पता चला है कि चमनप्रीत का मलोया इलाके में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। ऐसे में हत्या के पीछे प्रॉपर्टी रंजिश की संभावना को भी पुलिस गंभीरता से देख रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.