कोटा: राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी घमासान, ‘19 पेपर लीक’ वाले पोस्टर चर्चा में

कोटा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे से पहले शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बुधवार को राहुल गांधी दशहरा मैदान में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में छात्रों से मुलाकात करेंगे, जहां वे परीक्षा और करियर से जुड़ी समस्याओं पर बातचीत करेंगे और युवाओं को प्रेरित करेंगे। इसी कार्यक्रम को लेकर शहर में पोस्टर राजनीति तेज हो गई है।
पोस्टर वॉर से बढ़ा सियासी तापमान
कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के स्वागत में शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर बड़े पैमाने पर पोस्टर लगाए गए हैं। हालांकि, इन पोस्टरों के बीच कुछ स्थानों पर कांग्रेस के खिलाफ लगाए गए पोस्टर भी नजर आ रहे हैं, जिन्होंने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
जवाहर नगर, तलवंडी और महावीर नगर सहित कई इलाकों में लगे इन विरोधी पोस्टरों में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा गया है कि “जिनके शासन में 19 पेपर लीक हुए, वे छात्रों से संवाद करने आए हैं।” इन पोस्टरों को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है।
पोस्टर हटाने के आरोपों पर विवाद
इसी बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के दौरे से पहले उनके पोस्टर और होर्डिंग हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे राजनीतिक डर की प्रतिक्रिया बताया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि किसी भी नेता के आगमन पर उसका स्वागत होना चाहिए, लेकिन पोस्टर हटाना गलत परंपरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी के दौरे से घबराई हुई है, इसलिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल कोटा में पोस्टर वॉर के चलते सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.