अमेरिका में एयर शो के दौरान बड़ा हादसा, हवा में टकराए दो लड़ाकू विमान

अमेरिका के इडाहो राज्य स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित एक बड़े एयर शो के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। करतब दिखाने के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमानों में आग लग गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद सभी पायलट और क्रू मेंबर समय रहते पैराशूट के जरिए सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
यह हादसा ‘गनफाइटर स्काईज एयर शो’ के दौरान हुआ, जहां अमेरिकी सेना अपनी हवाई क्षमता और विमानन कौशल का प्रदर्शन कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों EA-18 लड़ाकू विमान बेहद करीब उड़ान भरते हुए हवाई करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे हवा में ही टकरा गए।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के तुरंत बाद दोनों विमानों से चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही सेकंड में आग की लपटें उठने लगीं। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरते नजर आए। वीडियो में आसमान में कई पैराशूट भी दिखाई दिए, जिससे साफ हुआ कि पायलटों ने समय रहते विमान से बाहर छलांग लगा दी थी।
हादसे के बाद बेस को किया गया लॉकडाउन
घटना के तुरंत बाद एयर फोर्स बेस पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पूरे इलाके को अस्थायी रूप से लॉकडाउन कर दिया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। मौके पर दमकल विभाग, आपातकालीन सेवाएं और बचाव दल पहुंच गए।
अमेरिकी सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था और सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। फिलहाल हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
एयर शो तुरंत किया गया रद्द
हादसे के बाद आयोजकों ने सुरक्षा कारणों से पूरे एयर शो को रद्द कर दिया। स्थानीय पुलिस ने भी लोगों से एयर बेस और आसपास के इलाके से दूर रहने की अपील की है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
माउंटेन होम एयर फोर्स बेस बोइस शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित है। यह एयर शो अमेरिकी सैन्य ताकत और विमानन इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में अमेरिकी वायुसेना की प्रसिद्ध ‘थंडरबर्ड्स’ टीम भी हिस्सा ले रही थी, जो दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई थी।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर दोनों लड़ाकू विमानों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और क्या तकनीकी खराबी या मानवीय चूक इसकी वजह बनी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.