केदारनाथ मार्ग पर बड़ा हादसा: खाई में गिरी कार, पांच यात्री घायल

रुद्रप्रयाग जिले में रविवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गौरीकुंड हाईवे पर तिलवाड़ा क्षेत्र के पास एक एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन के अनुसार सुबह करीब पांच बजे जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के नजदीक एक महिंद्रा एक्सयूवी-700 सड़क से फिसलकर लगभग 50 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर रवाना हुई।
वाहन में पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए जा रहे पांच यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी लोग वाहन के साथ नीचे फंस गए थे। संयुक्त बचाव दल ने तुरंत अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर समेत अन्य चोटें हैं। वहीं चालक सहित तीन अन्य यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। प्रशासन और बचाव एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन केदारनाथ यात्रा पर जा रहा था। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है और तकनीकी व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.