कटिहार में नौ साल की बच्ची की हत्या, पूरे गांव में सनसनी और आक्रोश

कटिहार: कोढ़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नौ वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या से इलाके में भय का माहौल पैदा हो गया है। बच्ची का शव रविवार सुबह गाँव से लगभग 300 मीटर दूर मकई के खेत में मिला।
बच्ची लापता थी
जानकारी के अनुसार, बच्ची शनिवार दोपहर करीब तीन बजे से घर नहीं लौटी थी। देर शाम तक जब बच्ची वापस नहीं आई, तो उसके परिवार और गांव वालों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर ग्रामीण अलग-अलग स्थानों पर बच्ची की खोज में जुटे रहे। यहां तक कि गांव की मस्जिदों में भी इसकी घोषणा कराई गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मकई के खेत में शव मिलने से मचा हड़कंप
रविवार सुबह लगभग नौ बजे, एक किसान जब खेत में पटवन कर रहा था, तो उसने बच्ची का शव मकई के बीच पड़ा देखा। यह खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिविर प्रभारी श्रवण कुमार और उनकी टीम को मौके पर भेजा। शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। बाद में एसडीपीओ टू कोढ़ा रंजन कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में शामिल हुए।
संदेह पर एक नाबालिग हिरासत में
जांच के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक नाबालिग लड़के को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया।
हालांकि, हत्या का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर हाल बुरा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.