दिल्ली आतंकी नेटवर्क केस में मुजफ्फरनगर कनेक्शन, खतौली के दो युवक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली साइबर सेल की कार्रवाई में कथित आईएसआई नेटवर्क मामले में मुजफ्फरनगर के दो युवकों के नाम सामने आए।
- खतौली क्षेत्र के अन्ति गांव पहुंचकर पुलिस और एलआईयू ने परिवार व ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की।
- दोनों युवकों के परिवारों ने उन्हें निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है।
मुजफ्फरनगर: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल द्वारा कथित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े मामले में की गई कार्रवाई के बाद मुजफ्फरनगर का नाम भी जांच के दायरे में आया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों में खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव निवासी दो युवकों दानिश उर्फ चांद मियां और सलमान के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एलआईयू की टीमें गांव पहुंचीं और दोनों युवकों के परिवारों व ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार, सलमान दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था, जबकि दानिश सोलर पैनल लगाने का काम करता था। दोनों को दोस्त बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों गांव आए थे और एक फोन कॉल आने के बाद वापस दिल्ली चले गए थे। इसके बाद परिवारों को उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली।
दोनों युवकों के परिवारों ने उन्हें निर्दोष बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। दानिश की मां गुलिस्ता ने दावा किया कि उनके बेटे को किसी व्यक्ति ने फोन कर 30 हजार रुपये देने की बात कही थी और किसी सामान को लाने के लिए बुलाया था। उनका कहना है कि दानिश को उस सामान के बारे में जानकारी नहीं थी और रास्ते में ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गुलिस्ता ने बताया कि उनका बेटा ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है और वह केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है। वहीं, सलमान की बहन दरक्षा ने बताया कि उसका भाई दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था और पैसे लेने के लिए गया था। उन्होंने कहा कि दानिश के फोन के बाद सलमान अचानक घर से निकल गया था। परिवार का दावा है कि सलमान का किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं रहा है।

मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में जिले के दो युवकों के नाम सामने आए हैं, जो अन्ति गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस, एलआईयू और अन्य जांच एजेंसियां अपने स्तर से मामले की जांच कर रही हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा कुछ संदिग्ध सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.