फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी, नीस में प्रवासी भारतीयों ने किया भव्य स्वागत

नीस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे पर रविवार को नीस पहुंच गए, जहां भारतीय समुदाय ने उनका उत्साहपूर्ण स्वागत किया। एयरपोर्ट से होटल पहुंचने तक बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय तिरंगा लहराते नजर आए और प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए।
फ्रांस पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नीस के अलावा उनके दौरे में एवियन और पेरिस भी शामिल हैं, जहां कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य विभिन्न देशों के साथ सहयोग और साझेदारी को और मजबूत बनाना है।
नीस के प्रतिष्ठित होटल नेग्रेस्को में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘इकोज ऑफ ट्रेडिशन, स्पिरिट्स ऑफ इनोवेशन’ शीर्षक से आयोजित इस प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति और आधुनिक सोच का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। खास बात यह रही कि इन नृत्यों का प्रदर्शन फ्रांस की कलाकारों ने किया, जिन्होंने भारतीय कला और संस्कृति के प्रति अपने लगाव को मंच पर जीवंत कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के स्वागत पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय देश की पहचान और संस्कृति को दुनिया भर में मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद प्रवासी भारतीयों का अपने देश से जुड़ाव बेहद प्रेरणादायक है।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके अलावा वह ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.