पंजाब सीएम भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को तबीयत बिगड़ने पर मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें पेट में संक्रमण और दो दिनों से तेज बुखार की शिकायत थी। पहले वे घर पर ही आराम कर रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।
बीते दिनों मुख्यमंत्री लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वे पिछले दो दिनों से अपने आवास पर ही आराम कर रहे थे।
इसी बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को सीएम मान के आधिकारिक आवास पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में जाकर बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की और प्रभावित लोगों से बातचीत की।
पंजाब में बाढ़ से हालात गंभीर
फिलहाल पंजाब भीषण बाढ़ संकट से जूझ रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी वर्षा के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते पंजाब के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। भारी बारिश ने हालात को और खराब कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक बाढ़ से 43 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 1.75 लाख हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.