श्रीगंगानगर: पानी के संकट को लेकर मीटिंग कर रहे विधायक को अधिकारियों ने पीटा

राजस्थान के श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहाणी और राजस्थान शहरी विकास निवेश कार्यक्रम (RUDIP) के अधिकारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विधायक ने आरोप लगाया है कि पानी की समस्या को लेकर हुई बैठक के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे उन्हें चोट लगी और उनका चश्मा टूट गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पानी संकट को लेकर बुलाई गई थी बैठक
जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी और करणपुर रोड इलाके में पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद विधायक ने अपने सेवा केंद्र पर एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में RUDIP के सहायक अभियंता (AEN) जगन्नाथ बैरवा और एक निजी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शामिल हुए।
बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद
विधायक का कहना है कि बैठक में जब उन्होंने जल संकट और परियोजना की धीमी प्रगति को लेकर सवाल किए, तो बहस बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और उनके साथ हाथापाई जैसी स्थिति बन गई। विधायक ने दावा किया कि इस दौरान उन्हें चोट लगी और उनका चश्मा टूट गया।
विधायक ने इस घटना को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्य सचिव से करने की बात भी कही है। साथ ही 550 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति परियोजना में अनियमितताओं और देरी को लेकर उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है।
अधिकारियों का पक्ष भी आया सामने
दूसरी ओर सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि बैठक के दौरान तीखी बहस हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। इस दौरान एक अधिकारी की शर्ट फटने की भी बात सामने आई है। कुछ कर्मचारियों के मोबाइल फोन अस्थायी रूप से जब्त किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों और विधायक के आरोपों की अलग-अलग स्तर पर पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.