‘लालू युग’ का औपचारिक अंत, अब तेजस्वी यादव संभालेंगे राजद की कमान

पटना। बिहार की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाली राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में आज नेतृत्व परिवर्तन के साथ एक नए दौर की शुरुआत हो गई। पार्टी ने तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
अब तक RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद पार्टी संस्थापक लालू प्रसाद यादव के पास था। वर्ष 1997 में पार्टी के गठन के बाद से वह लगातार इस पद पर बने हुए थे। तेजस्वी यादव की नियुक्ति के साथ ही पार्टी में नेतृत्व की कमान औपचारिक रूप से नई पीढ़ी को सौंप दी गई है और इसे ‘लालू युग’ के समापन के तौर पर देखा जा रहा है।
पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “एक नए युग की शुरुआत! तेजस्वी यादव जी को राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।”
यह फैसला RJD की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के उद्घाटन सत्र में लिया गया। इस मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक के दौरान लालू यादव ने स्वयं तेजस्वी यादव को नियुक्ति पत्र सौंपा।
पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहमति के बाद तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि अब तेजस्वी यादव पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार इस नई भूमिका में काम करेंगे।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव फिलहाल बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और इससे पहले उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में RJD ने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा था, हालांकि पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। इसके बाद से ही संगठन में बदलाव और मंथन की प्रक्रिया चल रही थी।
अब राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के साथ तेजस्वी यादव ने पार्टी की बागडोर पूरी तरह अपने हाथों में ले ली है, जिससे RJD की राजनीति में नए प्रयोग और दिशा की उम्मीद जताई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.