देहरादून: कई थानों को बम से उड़ने की धमकी, इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट वायरल

देहरादून: जिले में कई पुलिस थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं। यह धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और ई-मेल के जरिए दी गई बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एक इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट कर देहरादून शहर कोतवाली और मसूरी सहित कई थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई। जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल साइबर सेल को सौंप दी गई है। पोस्ट करने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इसी बीच मसूरी नगर पालिका परिषद को भी एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बम विस्फोट की धमकी दी गई है। ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय के साथ-साथ देहरादून और दिल्ली के कई सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी भरे ई-मेल में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट का उल्लेख भी किया गया है। इतना ही नहीं, इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े स्थानों को भी टारगेट करने की बात कही गई है।
धमकी मिलने के बाद मसूरी नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ई-मेल और इंस्टाग्राम पोस्ट दोनों की गहन जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है और पूरे जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.