गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, 15 वर्षीय छात्र को ट्रैक्टर ने कुचला

गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। ट्यूशन से साइकिल पर घर लौट रहे छात्र को सीमेंट से लदे एक ट्रैक्टर ने कुचल दिया। टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर के दोनों पहिए उसके सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सद्दीक नगर निवासी प्रवीण कुमार के भतीजे प्रांशु (15) विश्वास नगर स्थित शहीद मेमोरियल स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। वह रोजाना की तरह शनिवार सुबह ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रहा था। सुबह करीब सवा आठ बजे, नंदग्राम थाने से लगभग 100 मीटर आगे सिहानी मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही छात्र सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। ट्रैक्टर के आगे और पीछे के पहिए उसके सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से छात्र को तुरंत नजदीकी मरियम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चालक गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की पहचान बम्हेटा निवासी बिट्टू के रूप में की है, जबकि वाहन कृष्ण कुमार के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, मृतक छात्र के परिजनों की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.