मोदीनगर: तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, सात घायल, चालक फरार

मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोविंदपुरी नाले के पास सीमेंट से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और उसमें सवार सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मेरठ की नूरनगर कॉलोनी निवासी इमरान ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शुक्रवार को वे मेरठ से यात्रियों को लेकर मोदीनगर राज चौपला की ओर जा रहे थे। जैसे ही ऑटो गोविंदपुरी नाले के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया और कई यात्री उसके नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी मोदीनगर पहुंचाया।
घायलों में चालक इमरान, नूरनगर की साजमा, उनकी दो वर्षीय बेटी मिरहा, गुलिस्ता, सिवालखास निवासी मोहम्मद सोहेल तथा मोदीनगर के सीकरी कलां की ज्योति और लता शामिल हैं। इनमें बच्ची मिरहा और साजमा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि फरार ट्रक चालक का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.