गाजियाबाद: ₹16.20 करोड़ की योजना से विजय नगर में पहुंचा गंगाजल

गाजियाबाद। विजय नगर क्षेत्र के 10 वार्डों में मंगलवार से गंगाजल आपूर्ति योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। नगर निगम ने इस परियोजना पर करीब 16.20 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस योजना के शुरू होने के बाद अब लाखों निवासियों को नलकूप आधारित पानी की जगह गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।
अब तक इस क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नलकूपों के माध्यम से की जा रही थी, जिसकी तुलना में गंगाजल में टीडीएस (TDS) स्तर काफी कम माना जाता है, जिससे इसे अधिक शुद्ध और बेहतर पेयजल विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
योजना का शुभारंभ महापौर सुनीता दयाल, शहर विधायक संजीव शर्मा और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मौजूदगी में नारियल फोड़कर किया गया। इस मौके पर महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ विजय नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और गंगाजल आपूर्ति योजना क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। महापौर ने यह भी कहा कि नोएडा और खोड़ा से पहले विजय नगर में इस योजना का संचालन शुरू होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
नगर आयुक्त ने बताया कि यह परियोजना 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के माध्यम से पूरी की गई है।
महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद के अनुसार, विजय नगर के वार्ड संख्या 3, 4, 14, 15, 25, 26, 48, 51, 55 और 58 में गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी। इससे ओल्ड विजय नगर, माता कालोनी, न्यू विजय नगर, चरण सिंह कॉलोनी, अंबेडकर नगर, माधोपुर सुंदरपुरी, मिर्जापुर, प्रताप विहार और शिवपुरी सहित कई क्षेत्रों के निवासी लाभान्वित होंगे।
स्थानीय विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने में जनता का सहयोग अहम भूमिका निभाता है और यह परियोजना क्षेत्र के विकास में नई दिशा देगी।
नगर निगम ने बताया कि इससे पहले वसुंधरा, इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, डेल्टा कॉलोनी और सिद्धार्थ विहार जैसे क्षेत्रों में भी गंगाजल आपूर्ति की जा रही है। अब विजय नगर भी इस सूची में शामिल हो गया है।
वहीं, मोहन नगर जोन और आसपास के क्षेत्रों में भी गंगाजल आपूर्ति की मांग लगातार उठ रही है। माना जा रहा है कि इस योजना से भूजल स्तर पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
उधर, खोड़ा क्षेत्र के लोगों ने भी लंबे समय से गंगाजल आपूर्ति की मांग की है। बड़ी आबादी वाले इस क्षेत्र में भूजल स्तर लगातार नीचे जाने से जल संकट की स्थिति बनी हुई है। विजय नगर में योजना शुरू होने के बाद अब खोड़ा के लोगों में भी उम्मीद जगी है कि भविष्य में वहां भी गंगाजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.