गाजियाबाद: RDC ज्वेलरी शोरूम चोरी कांड में बड़ा खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद के राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कविनगर थाना पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुरादनगर निवासी चितरंजन उर्फ चींटू के रूप में हुई है। हालांकि मामले का मुख्य आरोपी और शोरूम का सेल्समैन नितिन वर्मा अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शोरूम से चार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। वहीं, शोरूम प्रबंधन की ओर से अभी तक चोरी हुए सामान का अंतिम और विस्तृत ऑडिट रिपोर्ट पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई गई है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा कर सकती है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जब आरडीसी स्थित ज्वेलरी शोरूम का शटर खुला मिलने की सूचना सुरक्षा कर्मी ने प्रबंधन को दी। मौके पर पहुंचने पर बड़ी मात्रा में आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली।
फुटेज में दो युवक सुबह करीब सात बजे शोरूम की चाबी से ताला खोलकर अंदर प्रवेश करते दिखाई दिए। दोनों ने पहले कैमरों को निष्क्रिय करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद वे सीधे पहली मंजिल पर पहुंचे और शोकेस में रखी महंगी ज्वेलरी बैग में भर ली। करीब 25 मिनट तक शोरूम के अंदर रहने के बाद दोनों आरोपी वहां से निकल गए।
जांच के दौरान शोरूम कर्मचारियों ने फुटेज में दिख रहे एक युवक की पहचान सेल्समैन नितिन वर्मा के रूप में की। नितिन मोदीनगर क्षेत्र का रहने वाला है और उसने करीब एक माह पहले ही शोरूम में नौकरी शुरू की थी।
जन्मदिन की पार्टी भी जांच के घेरे में
पुलिस की जांच में एक और दिलचस्प तथ्य सामने आया है। शोरूम प्रबंधन के अनुसार, नितिन ने घटना से कुछ दिन पहले अपना जन्मदिन बताकर आरडीसी के एक ढाबे पर पार्टी दी थी, जिसमें शोरूम का स्टाफ और सुरक्षा कर्मी भी शामिल हुए थे।
शोरूम की चाबी सामान्य रूप से कैशियर के पास रहती थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने किसी तरह चाबी तक पहुंच बनाई और उसी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि कहीं पार्टी के दौरान चाबी की जानकारी या उसकी डुप्लीकेट कॉपी तो तैयार नहीं की गई।
सुरक्षा कर्मी की भूमिका भी संदिग्ध
पुलिस को यह भी पता चला है कि घटना वाली रात ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा कर्मी अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं था। ऐसे में उसकी भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि मुख्य आरोपी नितिन वर्मा की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क और चोरी की रकम से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.