पेप्सी शर्मा की शोक सभा में पहुंचीं सपना चौधरी, भावुक होकर दी श्रद्धांजलि

हरियाणवी संगीत जगत की लोकप्रिय गायिका सपना चौधरी गुरुवार को दिवंगत रागनी गायक यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा की शोक सभा में शामिल होने उनके पैतृक गांव पतला पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और भावुक होकर हाथ जोड़कर नमन किया।
यशपाल शर्मा, जिन्हें उनके प्रशंसक पेप्सी शर्मा के नाम से जानते थे, हरियाणा की रागनी परंपरा के जाने-माने कलाकार थे। उनके प्रसिद्ध गीत “पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिखे” ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई थी। मूल रूप से निवाड़ी क्षेत्र के पतला गांव के रहने वाले पेप्सी शर्मा लंबे समय से नोएडा में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। कुछ दिन पहले गांव आए हुए दौरान अचानक सीने में दर्द होने से उनका निधन हो गया था।
गुरुवार को आयोजित शोक सभा में गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसी दौरान सपना चौधरी अपनी बहन और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचीं और उन्होंने दिवंगत कलाकार की मां माया देवी तथा पत्नी रेनू शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सपना ने रेनू शर्मा के पास बैठकर उन्हें सांत्वना दी, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।
सपना चौधरी ने कहा कि उन्होंने पेप्सी शर्मा के साथ कई मंचों पर एक साथ प्रस्तुति दी है। उन्होंने उन्हें एक हंसमुख और मिलनसार कलाकार बताते हुए कहा कि उनका अचानक जाना लोक संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। शोक सभा के दौरान जब उनसे कुछ शब्द कहने का आग्रह किया गया, तो भावुक होने के कारण वह कुछ नहीं बोल सकीं और आंसू पोंछते हुए वहां से चली गईं। लगभग 15 मिनट रुकने के बाद वे वापस लौट गईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.