गाजियाबाद में रोडरेज के दौरान युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

गाजियाबाद में रोडरेज की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें स्कूटी सवार एक युवक पर कुछ अज्ञात लोगों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, विवेकानंद नगर निवासी सुभाष चंद शर्मा का बेटा सचिन शर्मा 25 जून की रात करीब साढ़े 10 बजे अपने साथी महेश कुमार के साथ स्कूटी से छपरौला से घर लौट रहा था। इसी दौरान जीटी रोड पर हनुमान मंदिर और सिल्वर सिटी के बीच एक कार ने उनकी स्कूटी का पीछा कर रास्ता रोक लिया।
गाली-गलौज के बाद हमला
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद अचानक लोहे की रॉड और बलकटी से सचिन पर हमला कर दिया। सिर पर कई वार लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद उसके साथी महेश कुमार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में आईसीयू में इलाज जारी
घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद घायल सचिन को यशोदा अस्पताल, नेहरू नगर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और आईसीयू में इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.