कैलिफोर्निया में अमेरिकी वायुसेना का B-52 बॉम्बर क्रैश, सभी 8 लोगों की मौत

वॉशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के पास सोमवार को अमेरिकी वायुसेना का एक बी-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे में विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई।
अमेरिकी वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:20 बजे विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और बचाव दलों को मौके पर रवाना कर दिया गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के एयरफील्ड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। बेस प्रशासन ने आने वाली उड़ानों का मार्ग बदलने और गैर-व्यावसायिक आगंतुकों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया है, ताकि राहत एवं जांच कार्य प्रभावित न हो।
स्थानीय मीडिया द्वारा जारी हवाई तस्वीरों में दुर्घटनास्थल पर बड़े क्षेत्र में आग से नुकसान दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान के गिरने के बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार उठता नजर आया। घटनास्थल पर कई दमकल और आपातकालीन वाहन तैनात किए गए।
ऐतिहासिक महत्व रखता है एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस
कैलिफोर्निया के रेगिस्तानी इलाके में स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस अमेरिकी विमानन इतिहास का अहम केंद्र माना जाता है। यह बेस लॉस एंजिल्स से लगभग 160 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। यहीं पर वर्ष 1947 में प्रसिद्ध टेस्ट पायलट चक यीगर ने पहली बार ध्वनि की गति को पार करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था।
दशकों से सेवा में है B-52 बॉम्बर
बी-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस अमेरिकी वायुसेना का लंबी दूरी तक मार करने वाला रणनीतिक बॉम्बर विमान है। इसकी पहली उड़ान 1954 में हुई थी और इसे शीत युद्ध के दौरान विशेष रूप से विकसित किया गया था। समय-समय पर तकनीकी उन्नयन के चलते यह विमान आज भी अमेरिकी वायुसेना के बेड़े का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
यह विमान पारंपरिक और परमाणु दोनों प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम है। करीब 8,800 मील की परिचालन क्षमता वाले इस बॉम्बर का उपयोग वियतनाम, इराक, अफगानिस्तान और पश्चिम एशिया के कई सैन्य अभियानों में किया जा चुका है। विमान में आमतौर पर पांच सदस्यीय क्रू तैनात रहता है, जिसमें पायलट, एयरक्राफ्ट कमांडर, नेविगेटर, रडार नेविगेटर और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर अधिकारी शामिल होते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.