जयपुर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री, आमेर किले का किया दौरा

जयपुर। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट डी. रुबियो के साथ जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक आमेर किले का दौरा किया। किले के जलेब चौक में उनका स्वागत पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में किया गया, जिसमें लोक कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया और कच्छी घोड़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
आमेर किले के भ्रमण के दौरान गाइड महेश शर्मा ने उन्हें शीश महल, गणेश पोल, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, सुख निवास और मावठा झील के ऐतिहासिक और स्थापत्य महत्व की जानकारी दी। किले का दौरा पूरा करने के बाद रुबियो दंपती रामबाग पैलेस के लिए रवाना हुए।
जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर स्वागत
इससे पहले वे दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से आगरा से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने मुस्कुराते हुए “Have fun” कहा। उनके साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। आमेर किला दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। वहीं एयरपोर्ट से आमेर तक करीब 19 किलोमीटर के मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी नियंत्रित किया गया।
सूत्रों के अनुसार, उनका हाथी गांव जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, जिसे बाद में सुरक्षा कारणों के चलते रद्द कर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.