छत्तीसगढ़ में बड़ी सफलता, सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को ढेर किया

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से बड़ी खबर है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में गुरुवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अब तक 10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर को ढेर कर दिया। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

राज्य में इस समय “नक्सल उन्मूलन अभियान” चलाया जा रहा है। गुरुवार तड़के सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि मैनपुर के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सली छिपे हैं। सूचना पर गरियाबंद पुलिस की ई–30 यूनिट, STF और CRPF की कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान शुरू किया। जंगल में घेराबंदी करने के बाद सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें कई नक्सली मारे गए।

इनामी कमांडर मारा गया

मारे गए नक्सलियों में मोडेम बालकृष्ण भी शामिल है, जो नक्सल संगठन की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। उस पर विभिन्न मामलों में एक करोड़ रुपये का इनाम था। गुरुवार को उसे जंगल में मौजूद होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे घेरकर मुठभेड़ में मार गिराया।

अभियान जारी

रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि गरियाबंद में अभियान अभी भी जारी है और बीच-बीच में फायरिंग हो रही है। इस ऑपरेशन में STF, कोबरा कमांडो और राज्य पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से हिस्सा ले रही हैं। गरियाबंद के एसपी निखिल राखेचा ने भी मुठभेड़ की पुष्टि की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here