सोने और चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ताज़ा बुलियन दरों के मुताबिक चांदी की कीमत में जोरदार उछाल देखा गया है, जबकि सोना भी महंगा हुआ है। चांदी में करीब 6,700 रुपये की बढ़त दर्ज की गई, वहीं सोने के दाम लगभग 1,500 रुपये तक चढ़ गए।
हालांकि, वायदा बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तस्वीर कुछ अलग नजर आई। एमसीएक्स पर चांदी 4.23 फीसदी की गिरावट के साथ 2,51,500 रुपये प्रति किलो पर फिसल गई। इसी तरह सोना भी 0.91 प्रतिशत कमजोर होकर 1,56,631 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
घरेलू सर्राफा बाजार का हाल
मंगलवार को घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली थी। एक किलो चांदी का भाव 7,500 रुपये टूटकर 2,64,500 रुपये प्रति किलो (कर सहित) रह गया। इसके उलट, सोने में मजबूती दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपये यानी करीब 1.4 प्रतिशत महंगा होकर 1,60,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले संकेत
वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं में हलचल रही। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों से सोने और चांदी को सहारा मिला। बुधवार को एशियाई बाजार में स्पॉट गोल्ड हल्की बढ़त के साथ 5,065 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। वहीं स्पॉट सिल्वर में तेज तेजी देखने को मिली और यह 1.16 फीसदी उछलकर 81.32 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया।
फिलहाल सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से नीचे बना हुआ है। 29 जनवरी को बने 5,608.35 डॉलर प्रति औंस के ऑल-टाइम हाई से सोना अभी करीब 11 फीसदी नीचे है। वहीं चांदी भी अपने 121.67 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से लगभग आधी दूरी पर कारोबार कर रही है।