अमेरिका को टिकटॉक के हालिया सौदे से बड़े लाभ की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस डील के तहत अमेरिकी सरकार को निवेशकों से लगभग 10 अरब डॉलर की फीस प्राप्त होगी। साथ ही, अमेरिकी उपयोगकर्ताओं का डेटा भी सुरक्षित रहेगा।
टिकटॉक की मूल कंपनी चीनी कंपनी बाइटडांस है। जनवरी में अमेरिकी प्रशासन के दबाव के बाद बाइटडांस ने अमेरिकी निवेशकों के साथ मिलकर टिकटॉक के संचालन का समझौता किया। इस संयुक्त उपक्रम के माध्यम से अमेरिका में करीब 20 करोड़ उपयोगकर्ताओं के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पिछले साल सितंबर में बताया था कि इस संयुक्त अमेरिकी कंपनी का मूल्य लगभग 14 अरब डॉलर होगा। सौदे में शामिल अमेरिकी निवेशकों में ओरेकल और सिल्वर लेक जैसी कंपनियां हैं, जो ट्रंप प्रशासन को फीस के रूप में 10 अरब डॉलर का भुगतान करेंगी।
ट्रंप सरकार के अधिकारियों का कहना है कि यह शुल्क वाजिब है क्योंकि सौदे की बातचीत में ट्रंप प्रशासन की निर्णायक भूमिका रही।