पूर्वी दिल्ली में दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन ने प्रदूषण फैलाने वाली अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ पुनः कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस की मदद मिलने के बाद सुभाष मोहल्ले में तीन फैक्ट्रियों को सील किया गया।
नगर निगम के उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने बताया कि निगम प्रदूषण के मामलों में गंभीर है। उन्हें सूचना मिली थी कि सुभाष मोहल्ले में कुछ फैक्ट्रियाँ अवैध रूप से रंगाई का काम कर रही हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रही हैं। निगम ने मौके का निरीक्षण कर तुरंत इन फैक्ट्रियों को बंद कर दिया।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि इन फैक्ट्रियों में भू-जल का अनधिकृत दोहन भी किया जा रहा था। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जहाँ भी अवैध फैक्ट्री या प्रदूषण फैलाने वाला काम चल रहा है, उसे तत्काल सील किया जाए।