नई दिल्ली। बॉलीवुड के चर्चित कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। इस खास खुशखबरी का ऐलान दीपिका ने बेहद अनोखे और भावुक अंदाज में सोशल मीडिया के जरिए किया है।

दीपिका पादुकोण ने बेटी दुआ के जन्म के लगभग दो साल बाद अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की है। खास बात यह रही कि इस खुशखबरी को उन्होंने अपनी बेटी के जरिए ही फैंस तक पहुंचाया।

बेटी दुआ के जरिए खास ऐलान

दीपिका ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें रणवीर सिंह अपनी बेटी दुआ को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। तस्वीर में रणवीर का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा, जबकि दुआ का चेहरा भी आंशिक रूप से ढका हुआ है। इस फोटो का सबसे खास पहलू बच्ची के हाथ में दिखाई दे रहा प्रेग्नेंसी किट है, जिसने इस खबर को और खास बना दिया।

सोशल मीडिया पर बधाइयों की बौछार

दीपिका और रणवीर ने इस पोस्ट के साथ दो नजरबट्टू इमोजी भी साझा किए हैं। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाइयों का तांता लग गया है।

भूमि पेडनेकर, सामंथा रुथ प्रभु समेत कई फिल्मी सितारों ने इस खुशखबरी पर कपल को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, फैंस भी लगातार दोनों को बधाई संदेश भेज रहे हैं और उनकी फैमिली के लिए खुशी जाहिर कर रहे हैं।