दक्षिण और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता आरबी चौधरी का मंगलवार को जोधपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वे लोकप्रिय अभिनेता जीवा के पिता थे। उनके निधन की पुष्टि उनकी प्रोडक्शन टीम की ओर से की गई है।

कई भाषाओं की फिल्मों में किया काम

आरबी चौधरी ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। उन्होंने अपने करियर में कई सफल और चर्चित फिल्मों का निर्माण किया, जिनमें ‘राजा’, ‘आनंदम’ और ‘सूर्यवंशम’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी फिल्मों ने दर्शकों के बीच खास लोकप्रियता हासिल की और कई पुरस्कार भी जीते।

उनके प्रोडक्शन हाउस ‘सुपर गुड फिल्म्स’ के तहत कई हिट और अवॉर्ड-विनिंग प्रोजेक्ट्स बने। उनकी हालिया प्रस्तुतियों में ‘मारीसन’ (2025) शामिल है, जिसमें फहद फासिल और वडिवेलु जैसे कलाकार नजर आए थे। वहीं उनकी 99वीं फिल्म ‘मगुदम’ पर भी काम जारी था, जो अभिनेता विशाल की निर्देशित पहली फिल्म मानी जा रही है।

फिल्मी दुनिया में आने से पहले अलग क्षेत्र में थे सक्रिय

आरबी चौधरी मूल रूप से एक राजस्थानी परिवार से ताल्लुक रखते थे। फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले वे स्टील, एक्सपोर्ट और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े हुए थे। इसके बाद उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की ओर रुख किया।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक प्रोड्यूसर के तौर पर की थी। बाद में वे तमिल सिनेमा में सक्रिय हुए और आर. मोहन के साथ मिलकर फिल्में बनाईं। साझेदारी टूटने के बाद उन्होंने अपने बैनर का नाम ‘सुपर गुड फिल्म्स’ रखा, जो आगे चलकर साउथ सिनेमा का एक बड़ा प्रोडक्शन हाउस बन गया।

परिवार में शोक की लहर

आरबी चौधरी के परिवार में उनकी पत्नी महजबीन और बेटे जीवा, रमेश और अशोक हैं। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।