शनिवार देर रात बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के जूहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की घटना ने मुंबई में सनसनी मचा दी। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुटी है और कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया गया है। शुरुआती जांच में इस मामले में गैंगस्टर लिंक की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई ने घटना की जिम्मेदारी ली और रोहित शेट्टी और बॉलीवुड के अन्य लोगों को धमकी भी दी।
पोस्ट में लिखा गया है कि यह केवल एक चेतावनी है और अगर आगे उनकी बात नहीं मानी गई, तो गोली घर के अंदर तक जाएगी। शुभम ने अपनी धमकी में बाबा सिद्दीकी जैसे अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है।
वहीं, पुलिस ने अब तक सोशल मीडिया पोस्ट और बिश्नोई गैंग के संदर्भ में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। जांच अधिकारियों का कहना है कि रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग के पीछे किसी संभावित गैंगस्टर संबंधी गतिविधि की संभावना को गंभीरता से देखा जा रहा है।