रेप के आरोप में फिल्म प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप से मुंबई के वर्सोवा थाने में पूछताछ हो रही है। बताया जा रहा है उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, समन जारी करते वक्त पुलिस ने उनसे कहा था कि बिना परमिशन मुंबई से बाहर नहीं जाएं। एक्ट्रेस पायल घोष ने अनुराग के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था। अनुराग से पूछताछ के बीच पायल को मेडिकल के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया है।
अनुराग की गिरफ्तारी की आशंका इसलिए…
उनके खिलाफ 4 धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। धारा 376 (I) यानी बलात्कार का आरोप, 354 यानी महिला की मर्यादा भंग करने के लिए उस पर हमला करना, 341 यानी किसी महिला को गलत तरीके से रोकना और 342 यानी किसी को बंधक बनाना। इनमें से 376 गैर-जमानती धारा है, इसलिए पूछताछ में आरोप सही लगने पर अनुराग को गिरफ्तार किया जा सकता है।
पायल ने ट्वीट कर कहा-आशा करती हूं न्याय मिलेगा
मुंबई पुलिस के समन पर पायल घोष ने ट्वीट किया, “अनुराग कश्यप को समन भेजने और वर्सोवा पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए बुलाने के लिए धन्यवाद। आशा करती हूं न्याय मिलेगा… !!’