जम्मू-कश्मीर के पुंछ और आसपास के क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर से हाल ही में हुई गोलीबारी में 12 निर्दोष लोगों की जान चली गई। इस हमले में एक गुरुद्वारा, घर और स्कूल भी निशाना बने, जिससे स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों पर भागने को मजबूर हुए। इस घटना पर बॉलीवुड अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने गहरा दुख जताया और सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
फातिमा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “नियंत्रण रेखा के पास रहने वाले लोगों के बारे में सोच रही हूं। पुंछ और आसपास के इलाकों में पाकिस्तान की गोलीबारी में 12 मासूमों की जान गई, जिनमें 4 बच्चे शामिल हैं। घरों और गुरुद्वारे को निशाना बनाना एक कायराना हरकत है। मेरी प्रार्थनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया और जिन नागरिकों को इस भयावह स्थिति का सामना करना पड़ा, साथ ही उन सैनिकों की सुरक्षा के लिए जो सीमा पर मजबूती से खड़े हैं।”
7 मई 2025 को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ, राजौरी, कुपवाड़ा और बारामूला जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी गोलीबारी की, जो भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जवाब में थी। पुंछ में इस हमले में 12 नागरिकों की मौत हो गई और 57 लोग घायल हो गए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, 1971 के भारत-पाक युद्ध के बाद यह पहली बार था जब पुंछ शहर के भीतरी इलाकों में इतनी तीव्र गोलीबारी हुई।
वर्क फ्रंट पर, फातिमा को हाल ही में फिल्म ‘सैम बहादुर’ में इंदिरा गांधी के किरदार में देखा गया था। उनकी आगामी फिल्मों में ‘मेट्रो इन दिनों’, ‘उल जुलूल इश्क’ और ‘आप जैसा कोई’ शामिल हैं।