चीन के शांक्सी प्रांत में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। शुक्रवार देर रात ‘लियुशेनयु’ कोयला खदान में अचानक हुए गैस विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी, जिसमें 82 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

सरकारी मीडिया शिन्हुआ के अनुसार, यह हादसा किनयुआन काउंटी स्थित खदान में उस समय हुआ जब भीतर 247 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद खदान में अफरा-तफरी मच गई और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू करना पड़ा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग ने तुरंत राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और लापता लोगों की खोज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के आदेश दिए हैं। साथ ही, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया गया है।

प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि बचाव अभियान पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ चलाया जाए तथा समय पर सही जानकारी सार्वजनिक की जाए।

रिपोर्ट के मुताबिक, खदान संचालन से जुड़ी कंपनी के कई अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या कम बताई गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 82 कर दिया गया।

चीन में पिछले दो दशकों में खनन सुरक्षा नियमों को काफी सख्त किया गया है, जिससे हादसों में गिरावट आई थी। बावजूद इसके, यह घटना हाल के वर्षों में देश के सबसे गंभीर खदान हादसों में से एक मानी जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।