काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव फिर बढ़ गया है। अफगान मीडिया के मुताबिक, अफगान वायुसेना ने अपने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने वाले एक पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट को मार गिराया।
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर विमान के जलते हुए मलबे की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए। अफगान मीडिया का दावा है कि विमान पाकिस्तानी हमलों के जवाब में निशाना बनाया गया। पाकिस्तान की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पाकिस्तानी एफ-16 विमान (क्रम संख्या 85610) और उसके मलबे को दिखाया गया है। अफगान सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को पाकिस्तान ने हवाई हमलों के दौरान अफगान एयरस्पेस का उल्लंघन किया, जिसके बाद अफगान सेना ने कार्रवाई की।
हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और अफगान दावे की स्वतंत्र जांच अभी तक संभव नहीं हो पाई है।
पिछले दिनों पाकिस्तान और अफगान सेना के बीच बढ़ते तनाव के चलते कई हवाई और सीमा पर हमले हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्रवाई में 55 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है। पाकिस्तान ने आतंकवादियों पर हमला होने की पुष्टि की है, लेकिन विमान के नुकसान के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इस घटना ने दोनों देशों के बीच पहले से ही बढ़ती कड़वाहट को और गहरा कर दिया है और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।