जयपुर से दुबई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट में बीते दिनों एक यात्री कोरोना वायरस पीड़ित पाया गया। इस घटना के बाद दुबई से इस एयरलाइंस के विमानों पर 15 दिन की रोक लगा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर 2020 को जयपुर से दुबई के लिए फ्लाइट गई थी। इसमें एक यात्री ने सफर किया था, जो कि पहले से ही कोरोना वायरस पॉजिटिव था। इसके बाद भी एयरलाइंस ने उस यात्री को सफर करने दिया।
दुबई के एविएशन डिपार्टमेंट ने इसे नियमों का उल्लंघन माना है। इसी वजह से दुबई से भारत के लिए उड़ान भरने वाली सभी एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पर रोक लगा दी गई है। ये सस्पेंशन 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इतना ही नहीं, एयरलाइंस को आदेश दिया गया है कि उस विमान में जो भी लोग आए थे जिन्हें क्वारनटीन और इलाज की जरूरत है। उसका खर्चा भी अब एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से भरा जाएगा। इस एक्शन के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी कुछ उड़ानों को शारजाह के लिए डायवर्ट कर दिया है। भारत सरकार को भी इसके बारे में जानकारी दी गई है। जिसके बाद आने वाली 15 दिनों की उड़ानों पर फैसला किया जाएगा।