दुबई में मौजूद संदिग्ध आतंकी आकिब की सोशल मीडिया गतिविधियां लगातार भारतीय एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। यूपी एटीएस की कार्रवाई के बावजूद वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारत विरोधी और भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर रहा है। हाल ही में इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में उसने अपना पासपोर्ट फाड़ते हुए भारत न लौटने की बात कही और उकसाने वाले बयान भी दिए।

जांच एजेंसियों के अनुसार, आकिब की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उसे भारत लाने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इससे पहले यूपी एटीएस ने 2 अप्रैल को लखनऊ, मेरठ और गौतमबुद्धनगर से साकिब, अरबाब, लोकेश और विकास को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि ये सभी देश विरोधी गतिविधियों और विस्फोट तथा आगजनी की साजिश से जुड़े थे।

पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि मेरठ निवासी आकिब ने साकिब का संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से कराया था। इसके बाद उसे इस मामले में आरोपी बनाया गया और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया।

इसके बावजूद आकिब सोशल मीडिया पर सक्रिय बना हुआ है। शुक्रवार को सामने आए वीडियो में उसने एक विशेष समुदाय को लेकर भड़काऊ टिप्पणियां कीं और यह दावा किया कि जिस देश में उसके समुदाय के साथ अन्याय हो रहा है, वह वहां वापस नहीं जाएगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे गलत तरीके से आतंकवादी करार दिया जा रहा है।