अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और निर्वाचित-राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओवल ऑफिस में मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान दोनों ने सत्ता सौंपने की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से करने की प्रतिबद्धता जताई. बाइडेन ने ट्रंप का वेलकम बैक कहते हुए स्वागत किया. साथ ही बाइडेन ने कहा कि सत्ता सौंपने का यह समय पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है. इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि राजनीति कठिन है, लेकिन वे भी इस हस्तांतरण को सुचारु बनाने में अपना योगदान देंगे. हालांकि, दोनों नेताओं ने प्रेस के सवालों का जवाब देने से परहेज किया.

निर्वाचित-राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बाइडेन से यह मुलाकात इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि 2020 में चुनाव हारने के बाद ट्रंप ने सत्ता सौंपने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परंपराओं को नहीं निभाया था. साथ ही उस समय उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति-निर्वाचित जो बाइडेन को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण देने से इंकार किया था, बल्कि बाइडेन के शपथ ग्रहण समारोह में भी उन्होंने शिरकत नहीं की थी. लेकिन इस बार, ट्रंप व्हाइट हाउस पहुंचे और इन परंपराओं को निभाने की ओर कदम बढ़ाया है.