उत्तर-मध्य नाइजीरिया में एक भीषण नाव दुर्घटना में 31 लोगों की जान चली गई। यह हादसा नाइजर राज्य के बोर्गू इलाके में उस समय हुआ जब नाव नदी में एक पेड़ के तने से टकरा गई। हादसे के वक्त नाव में करीब 90 लोग सवार थे।

राष्ट्रीय आपातकालीन एजेंसी के अनुसार, अब तक 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। बचाव दल लगातार तलाश और राहत अभियान में जुटा हुआ है।

बरसात के मौसम में नाइजीरिया के दूरदराज इलाकों में नाव हादसे आम हैं। अधिकारी बताते हैं कि क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जाने और नावों की खराब स्थिति के कारण ऐसे हादसे होते हैं। इनमें से अधिकांश नावों में लाइफ जैकेट तक उपलब्ध नहीं होती। हाल ही में उत्तर-पश्चिमी सोकोटो राज्य में भी एक नाव डूबने से 25 लोग लापता हो गए थे।