ब्रिटेन सरकार ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह लेबनान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए और चार्टर्ड विमानों की उड़ानें शुरू करेगा। यह फैसला लेबनान और इस्राइल के बीच जारी संघर्ष के मद्देनजर लिया गया है। इस हफ्ते पहले ही उड़ानों की माग बढ़ गई थी।
विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) ने कहा कि ये अतिरिक्त उड़ाने तब तक जारी रहेंगी, जब तक कि सुरक्षा की स्थिति अनुकूल रहती है। इसके साथ ही एफसीडी ने यह भी कहा कि वह ब्रिटिश नागरिकों के लिए वाणिज्यिक उड़ानों की क्षमता बढ़ाने के लिए भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा, हाल की घटनाओं से साफ है कि लेबनान की स्थिति अस्थिर है। हमारे लिए लेबनान में ब्रिटेन के नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यही वजह है कि हम उन लोगों के लिए अतिरिक्त चार्टर्ड उड़ानों की घोषणा कर रहे हैं, जो लेबनान छोड़ना चाहते हैं।
उन्होंने ब्रिटेन के नागरिकों से आग्रह किया कि वे एफसीडीओ में पंजीकरण करें और लेबनान को तुरंत छोड़ दें। ब्रिटेन के जो नागरिक एफसीडीओ में पंजीकृत हो चुके हैं, उन्हें सीट के लिए अनुरोध करने के तरीके की जानकारी भेजी जाएगी। जो लोग अभी तक पंजीकृत नहीं हुए हैं, वे तुरंत अपना पंजीकरण कराएं। ब्रिटेन के सभी नागरिक, उनके जीवनसाथी या साथी और 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे एक मान्य यात्रा दस्तावेज के साथ इसके पात्र हैं।
एफसीडीओ ने कहा कि उनके अधिकारी लंदन, बेरूत और आसपास के इलाकों में चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं, ताकि वे ब्रिटेन के नागरिकों को मदद प्रदान कर सकें। एफ एफसीडीओ रैपिड डिप्लॉयमेंट टीम भी लेबनान पहुंच चुकी है, ताकि ब्रिटेन के दूतावास के अधिकारियों की ओर से दी जानी वाली सहायता को मजबूत किया जा सके।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने बुधवार को साइप्रस का दौरा किया, जहां उन्होंने करीब 700 ब्रिटिश सैन्य कर्मियों से मुलाकात की। इन सैन्य कर्मियो को लेबनान में अपने नागरिकों की मदद के लिए आपातकालीन योजना के तहत तैनात किया गया है। उन्होंने अपने साइप्रेस के समकक्ष वासिलिस पालमास के साथ पश्चिम एशिया में तनाव को कम करने को लेकर चर्चा की। हीली ने अपने इस्राइली समकक्ष योआव गैलेंट से भी फोन पर बात की और ईरान के मिसाइल हमलों की निंदा की और लेबनान में शांति व संघर्ष विराम का आह्वान किया।