अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए कथित हवाई हमलों में भारी जनहानि की खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन हमलों में 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

अस्पताल और पुनर्वास केंद्र बने निशाना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलों का असर काबुल के एक अस्पताल और नशा मुक्ति केंद्र पर भी पड़ा, जिससे वहां मौजूद मरीजों और स्टाफ को भारी नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि यह हमला शहर के 9वें पुलिस जिले में स्थित एक पुनर्वास केंद्र पर भी किया गया, जहां कई लोग इलाज के लिए भर्ती थे।

सीमा विवाद के बीच बढ़ा तनाव

यह घटना उस समय हुई जब कुछ घंटे पहले ही अफगान अधिकारियों ने साझा सीमा पर दोनों देशों के बीच गोलीबारी की पुष्टि की थी। इस झड़प में अफगानिस्तान में चार लोगों की मौत की बात कही गई थी। दोनों देशों के बीच जारी यह तनाव अब तीसरे सप्ताह में पहुंच चुका है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।

तालिबान सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया। उनके अनुसार, इस हमले में नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कई लोगों की जान गई है और कई घायल हुए हैं।

मुजाहिद ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले पर संज्ञान लेने की अपील की है।