हिजबुल्लाह ने इजराइल पर बड़ा हमला किया है. उसने 165 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं. इस हमले में कई इमारतें ध्वस्त होने की जानकारी सामने आ रही है. ये हमले इजराइल के उत्तरी इलाकों में किए गए हैं. अटैक रोकने में अजराइल का एयर डिफेंस सिस्टम आयरम डोम भी फेल हो गया.इस हमले से जुड़ा इजराइली सेना की ओर से एक पोस्ट भी किया गया है. इसमें कई वाहनों को आग का गोला बने हुए देखा जा सकता है. आईडीएफ का कहना है कि हम हिजबुल्लाह के हमले से अपने नागरिकों की रक्षा करना जारी रखेंगे.
कारमील और आसपास के शहरों में गिरे रॉकेट
हिजबुल्लाह ने हाइफा में 90 से ज्यादा मिसाइल दागी हैं. 50 से ज्यादा मिसाइल से गैलिली को निशाना बनाया है. टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में 7 लोग घायल हुए हैं. इसमें एक बच्चा भी है. विदेश मंत्री ने कहा कि ये हमला उस वक्त हुआ है जब लेबनान में युद्धविराम की दिशा में कुछ प्रगति हुई है.
हिजबुल्लाह ने ली हमले की जिम्मेदारी
इजराइली सेना का कहना है कि गैलिली पर करीब 50 रॉकेट दागे गए, जिनमें से कुछ को एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया. कई रॉकेट कारमील क्षेत्र और आसपास के शहरों में गिरे. हिजबुल्लाह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. उसने दावा किया है कि कर्मिल बस्ती में पैराट्रूपर्स ब्रिगेड के लिए एक ट्रेनिंग बेस को निशाना बनाया है.
हालांकि, आईडीएफ का कहना है कि लेबनान से लॉन्च किए गए एक ड्रोन को मलकिया के उत्तरी किबुत्ज के ऊपर एयर डिफेंस ने रोक दिया. इससे पहले लेबनान से एक और ड्रोन पश्चिमी गैलिली के लिमन शहर के पास एक खुले क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे एक झाड़ी में आग लग गई थी.