ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट से एलन मस्क को फिर झटका लगा है। पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर देशभर में प्रतिबंध लगाने का फैसला सुनाया था। अब एक्स और सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक कंपनी को जुर्माना भरने का आदेश दिया है। अदालत ने टेस्ला सीईओ मस्क की कंपनियों से तीन मिलियन डॉलर यानी 30 लाख डॉलर (25,16,40,000 रुपये) को ट्रांसफर करने का आदेश दिया है।
यह झटका पहले ही मिल चुका है
न्यायाधीश अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने पिछले महीने सोशल मीडिया मंंच एक्स के लिए एक कानूनी प्रतिनिधि नियुक्त करने को कहा था। साथ ही दर्जनों दक्षिणपंथी खातों को हटाने का भी आदेश दिया था। ऐसा नहीं करने पर देशभर में एक्स को प्रतिबंधित करने का आदेश सुनाया था।
अब यह फैसला सुनाया
अब अदालत ने एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनियां एक्स (जो पहले ट्वीटर के नाम से जाना जाता था) और सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक के खातों में पड़े 18.35 मिलियन रीसिस (3.28 मिलियन डॉलर) को राज्य के खजाने में ट्रांसफर करने का फैसला लिया है।
इसलिए मोरेस और मस्क में टक्कर
न्यायाधीश मोरेस ने गलत सूचनाओं पर लगाम लगाने को अपना मिशन बना लिया है। इसी के बाद से उनका दक्षिण अफ्रीका में जन्मे अरबपति के साथ कई बार टकराव हुआ है। उन्होंने एक्स और स्टारलिंक की संपत्तियों को भी फ्रीज कर दिया, विशेष रूप से अमेजन के दूरदराज के इलाकों में ताकि अदालती आदेशों का पालन नहीं करने पर एक्स पर लगाए गए जुर्माने का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
9000 डॉलर का लगेगा जुर्माना
बता दें, ब्राजील में एक्स का करीब 22 मिलियन लोग इस्तेमाल करते हैं। मोरेस ने यह भी आदेश दिया कि बंद किए गए एप तक पहुंचने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) जैसे तकनीकी तंत्र का उपयोग करने वालों पर 9,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
उनके कदमों ने देश के अंदर और बाहर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक नेटवर्क की सीमाओं पर बहस को बढ़ावा दिया है। वामपंथी राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा ने प्रतिबंध की सराहना की, जबकि उनके धुर दक्षिणपंथी पूर्ववर्ती जायर बोल्सोनारो ने मोरेस को तानाशाह कहा।
यह है मामला
गौरतलब है, मस्क के खिलाफ न्याय में बाधा डालने, आपराधिक संगठन और अपराध के लिए उकसाने के आरोपों को लेकर जांच चल रही है। इस साल की शुरुआत में जज एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने एक्स के कुछ अकाउंट को गलत सूचना और नफरत भरे संदेश फैलाने के आरोप में ब्लॉक करने का आदेश दिया था। इसमें ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सनारो के समर्थकों से संबंधित कुछ खाते भी शामिल थे।
मस्क का फूटा था गुस्सा
हालांकि, एलन मस्क की कंपनी एक्स ने हाल ही में ब्राजील में अपना संचालन तुरंत बंद करने की घोषणा की थी। कंपनी का कहना था कि यह कदम उसके कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने आरोप लगाया था कि एक ब्राजीलियाई जज ने उसके एक कानूनी प्रतिनिधि को मंच से कुछ सामग्री हटाने के कानूनी आदेशों का पालन नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दी थी।
हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक्स की सेवाएं देश में जारी रहेंगी।एक्स ने एक बयान में कहा था, 'कल रात, एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने धमकी दी कि अगर हम ब्राजील में हमारे कानूनी प्रतिनिधि को दिए गए सेंसरशिप आदेशों का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हम उनके कृत्यों को उजागर करने के लिए यहां साझा कर रहे हैं।'
कंपनी ने आगे कहा था कि मोरेस ने कानून या उचित प्रक्रिया का पालन करने के बजाय ब्राजील में उनके कर्मचारियों को डराने का विकल्प चुना। इसलिए, अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए, उन्होंने ब्राजील में अपना संचालन तुरंत बंद करने का फैसला किया है।