ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर क्रैश साजिश थी या हादसा यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है. अजरबैजान से तीन हेलीकॉप्टरों का उड़ना, 2 का सुरक्षित लैंड करना और एक का अचानक लापता हो जाना एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब ईरान की सुरक्षा एजेंसियां भी नहीं ढूंढ पा रहीं. ईरान खुद ये मान रहा है कि अगर ये हत्या है तो इसमें इजराइल का हाथ हो सकता है, हालांकि ईरान के ही कुछ लोग ये भी मान रहे हैं कि अगर ये साजिश है तो ऐसा हो सकता है कि किसी घर के भेदी ने ही ये साजिश रची हो.
इब्राहिम रईसी की मौत को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. फिलहाल इसे एक हादसा माना जा रहा है जिसका कारण खराब मौसम को माना जाता है, हालांकि ईरान की एजेंसियां किसी भी एंगल को खारिज नहीं कर रहीं. वह इस दिशा में भी काम कर रही हैं कि कहीं खराब मौसम की आड़ में कोई इंटरनेशनल या इंटरनल साजिश तो नहीं रची गई. दरअसल रईसी के क्रैश हेलीकॉप्टर की घटना जिस तरह हुई उससे कई सवाल खड़े हुए हैं. अब ईरान ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देश इन सवालों का जवाब ढूंढने की कोशिश में जुटे हैं.
सवाल जो कर रहे साजिश की तरफ इशारा
इंटरनेशनल साजिश: ईरान के राष्ट्रपति की मौत के पीछे इंटरनेशनल साजिश भी मानी जा रही है, इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि इब्राहिम रईसी के काफिले में तीन हेलीकॉप्टर शामिल थे, फिर एक हेलीकॉप्टर ही खराब मौसम का शिकार कैसे बना? माना ये भी जा रहा है कि रईसी अजरबैजान से लौट रहे थे, अजरबैजान वही देश है जहां मोसाद मजबूती में है. इसके अलावा चॉपर के मेंटीनेंस पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जब वीवीआईपी मूवमेंट था तो चॉपर के मेंटीनेंस पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया. इसके अलावा एक थ्योरी ये भी सामने आ रही है कि ईरान परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा था, ऐसे में अमेरिका और पश्चिमी देश उससे नाराज थे,क्या उस वजह से रईसी के खिलाफ साजिश रची गई.
इंटरनल साजिश : इंटरनेशनल साजिश के साथ इंटरनल साजिश भी मानी जा रही है, दरअसल ईरान की राजनीति इस समय एक अलग ही दौर से गुजर रही है, ईरान के सुप्रीम लीडर खामनेई का पुत्र रईसी का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा था. ऐसे में सवाल ये भी उठा रहा है कि क्या खामनेई के बेटे की उम्मीदवारी रईसी की जान पर भारी पड़ गई. ईरान के एक पत्रकार ने भी इस बारे में ट्वीट कर इस तरह की संभावनाओं को बल दिया है. रक्षा विशेषज्ञों की ओर से ये तर्क भी दिया जा रहा है कि रईसी की मौत के बाद अब खामनेई के पुत्र मोस्तबा राष्ट्रपति पद के अकेले उम्मीदवार हैं. एक और खास बात ये है कि रईसी एकमात्र ऐसे नेता थे जिन्होंने खामनेई के बेटे को चुनौती दी है.
इजराइल पर क्यों किया जा रहा शक
इजराइल और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, हेलीकॉप्टर क्रैश उस वक्त हुआ जब रईसी अजरबैजान से लौट रहे थे, ये वही मुल्क है, जिससे कुछ समय पहले तक ईरान की दुश्मनी थी, लेकिन अब ये दोस्ती में बदल रही थी. खास बात ये है कि अजरबैजान में मोसाद की काफी मौजूदगी है. रक्षा विशेषज्ञ बिग्रेडियर (रि.)डीएस त्रिपाठी ने Tv9 से बातचीत में बताया कि जो माहौल है उस हिसाब से यह साजिश हो सकती है, तीन हेलीकॉप्टर जाते हैं, दो लैंड कर जाते हैं एक जिसमें राष्ट्रपति हैं वह क्रेश लैंड करता है. आखिर दो हेलीकॉप्टर सुरक्षित पहुंच गए तो एक क्रैश क्यों हुआ? दूसरा जो क्रैश हुआ उसी में ईरान की सारी लीडरशिप क्यों थी. ऐसे बहुत सारे सवाल हैं.
चीन ने इजराइल पर जताया शक
इब्राहिम रईसी की मौत पर चीन ने सीधे इजराइल पर शक जताया है. ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हादसे में इजराइल शामिल हो सकता है. पूर्व राजदूत दीपक वोहरा का मानना है कि ईरान परमाणु बम के लिए जिस तरह की कोशिश कर रहा था, ये उसका परिणाम हो सकता था. वह कहते हैं कि रईसी हाल ही में पाकिस्तान गए थे, उसका बेसिक रीजन यही था कि उन्हें परमाणु बम खरीदना था. अमेरिका और इजराइल ने मिलकर बता दिया है कि ये तो ट्रेलर है, ये लगातार कहते थे कि इजराइल को मिटा देंगे, अब इजराइल ने मैसेज दिया कि देखो कैसे हमने मिटा दिया.