मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को मुजफ्फरनगर स्थित सपा जिला कार्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी और अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प भी दोहराया।

बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज मलिक, पूर्व सांसद कादिर राणा, समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल, जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बच्ची सैनी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुबह से ही जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
साइकिल भेंट कर दिया संदेश
कार्यक्रम का खास आकर्षण समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल रहे। उन्होंने पार्टी कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी को साइकिल भेंट की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से वह जरूरतमंद लोगों को साइकिल देकर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह “साइकिल” को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने इसे केवल उपहार नहीं बल्कि समाजवादी विचारधारा और सामाजिक सहयोग का प्रतीक बताया।
नेताओं ने जताया भरोसा
विधायक पंकज मलिक ने कहा कि प्रदेशभर में कार्यकर्ता अखिलेश यादव का जन्मदिन उत्साह के साथ मना रहे हैं और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि अगला जन्मदिन अखिलेश यादव मुख्यमंत्री के रूप में मनाया जाएगा।

संगठन विस्तार पर जोर
इस अवसर पर समाजवादी योजना सभा के महानगर अध्यक्ष बनाए गए फैज खान का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि वे युवाओं को संगठन से जोड़कर पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम में रहे ये लोग शामिल
कार्यक्रम में राकेश शर्मा, लोकेंद्र सिमर्थी, युधिष्ठिर पहलवान, साजिद हसन समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।