अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस पहली बार (कमला हैरिस के राष्ट्रपति पद की औपचारिक उम्मीदवार बनने के) एक साथ दिखे हैं। जो बाइडन और कमला हैरिस गुरुवार को वाशिंगटन डीसी के ठीक बाहर मैरीलैंड के प्रिंस जॉर्ज काउंटी कम्युनिटी कॉलेज में दिखाई दिए। डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यक्रम में बाइडन प्रशासन की तरफ से लाखों अमेरिकियों के लिए 10 आम प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की कीमत में कटौती करने के लिए हाल ही में घोषित सौदे का जश्न मनाया गया। इस बैठक में पार्टी टिकट के पुनर्गठन के कुछ हफ्ते बाद उनकी गतिशीलता की झलक भी देखने को मिली।

वह एक बेहतरीन राष्ट्रपति बनने जा रही हैं- बाइडन
इस दौरान राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने डिप्टी की प्रशंसा करते हुए कहा कि- हमने जो प्रगति की है, उसमें मेरा एक अविश्वसनीय साथी है, वह एक बेहतरीन राष्ट्रपति बनने जा रही हैं। कमला हैरिस 5 नवंबर के चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती देंगी।

राष्ट्रपति उम्मीदवारी के लिए पहली अश्वेत महिला
कमला हैरिस उस वक्त किसी प्रमुख अमेरिकी राजनीतिक दल के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारी के लिए शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत महिला बन गईं, जब मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन पिछले महीने व्हाइट हाउस की दौड़ से हट गए और राष्ट्रपति पद के लिए उनका समर्थन किया। कमला हैरिस रिपब्लिकन या डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित होने वाली पहली भारतीय अमेरिकी भी हैं। बता दें कि कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन भारतीय थीं और उनके पिता डोनाल्ड जैस्पर हैरिस जमैका के रहने थे; दोनों ही अमेरिका में अप्रवासी थे।

स्वास्थ्य सेवा अमेरिका में एक अधिकार होना चाहिए- बाइडन
इस दौरान हैरिस ने कहा कि दो साल पहले, बाइडन प्रशासन ने मेडिकेयर को कम दवा की कीमतों पर बातचीत करने का अधिकार दिया था, जिससे मेडिकेयर को दवा की कीमतों पर बातचीत करने के लिए बड़ी फार्मा कंपनियों के साथ एक कदम आगे बढ़ने की अनुमति मिली है। इस मौके पर जो बाइडन ने कहा कि उनका मानना है कि स्वास्थ्य सेवा अमेरिका में एक अधिकार होना चाहिए, न कि एक विशेषाधिकार।