न्यूयॉर्क में मेट्रो (सबवे) में दो व्यक्तियों की मारपीट में एक व्यक्ति की मौत होने की घटना सामने आई है। घटना सोमवार की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि मृतक व्यक्ति सोमवार को अचानक सबवे में घुस गया था और आक्रामक भाषण देने लगा। उसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे रोकने की कोशिश की और उसे वश में करने और शांत करने के लिए हाथ से उसका गला (रियर नेकेड चोकहोल्ड) दबाया। इसी दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना का वीडियो बनाने वाले जुआन अल्बर्टो वाज़क्वेस एक स्वतंत्र पत्रकार हैं। उन्होंने यह वीडियो अपने फेसबुक एकाउंट पर शेयर भी किया है। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि मृतक व्यक्ति की पहचान जारी नहीं की गई है। साथ ही घटना के गवाहों ने कहा है कि मृतक व्यक्ति सबवे में अन्य यात्रियों के प्रति शत्रुतापूर्ण व्यवहार कर रहा था।
घटना के वीडियो में दिख रहा है कि जब मृतक व्यक्ति सबवे में भाषणबाजी कर रहा था तब उसे रोकने के लिए एक व्यक्ति आगे आता है, जिसकी उम्र 24 साल थी। इसके अलावा, दो व्यक्ति मृतक व्यक्ति को वश में करने की कोशिश कर रहे हैं और वह उन्हें पैरों से लात मार रहा है। वीडियो बनाने वाले स्वतंत्र पत्रकार ने बताया कि यह मारपीट करीबन 15 मिनट तक चली। उस दौरान, ट्रेन ब्रॉडवे-लाफायेट स्टेशन पर रुकी। उस बीच, ट्रेन की गाड़ी के अंदर के सभी यात्री चले गए, सिवाय उन तीन के जो मृतक यात्री को वश में करने का काम कर रहे थे।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) ने कहा कि सबवे में लड़ाई को लेकर दोपहर 2:25 बजे के आसपास 911 पर कॉल करके पुलिस को ब्रॉडवे-लाफायेट स्टेशन पर बुलाया गया। हालांकि अधिकारी जब पहुंचे तो वह व्यक्ति फर्श पर बेहोश पड़ा था। पुलिस ने कहा कि चोकहोल्ड में व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। किसी ने नहीं सोचा था कि वह आदमी मर जाएगा।
रिपोर्ट्स में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हवाले से कहा गया है कि उसे रोकने के लिए गए 24 वर्षीय युवक से पुलिस ने हिरासत में पूछताछ की और छोड़ दिया। इसमें कहा गया है कि आदमी पर आरोप नहीं लगाया गया है। घटना की जांच की जा रही है।