मंगलवार सुबह मणिपुर के कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप सुबह करीब 5:59 बजे आया। इसका केंद्र मणिपुर के कामजोंग जिले में स्थित था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.2 दर्ज की गई।

62 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र

भूकंप का केंद्र 24.703 उत्तर अक्षांश और 94.415 पूर्व देशांतर पर जमीन से लगभग 62 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। झटके इतने प्रभावी थे कि इसका असर आसपास के राज्यों नागालैंड और असम के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया।

फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं

अब तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हाल के दिनों में कई जगह आए भूकंप

इससे पहले सोमवार रात उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र में भी हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। वहां रात करीब 8:32 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसका केंद्र लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था।

वहीं सोमवार सुबह जापान में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके बाद समुद्र में करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची लहरें उठीं और तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया।